नए साल में लगातार तीसरे दिन भारतीय शेयर बाजार का शुरुआती कारोबार सपाट शुरुआत के बाद गहरी गिरावट की तरफ जाता दिखाई दे रहा है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स 60 अंक की गिरावट के साथ खुला और खबर लिखे जाने तक 363 अंक नीचे ट्रेड कर रहा है। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी में इस समय 108 अंकों की गिरावट है। शुरुआती कारोबार में निफ्टी के 50 शेयरों में से 15 शेयर हरे निशान पर और 35 शेयर लाल निशान पर ट्रेड करते दिखे।
निफ्टी-50 के शेयरों में सबसे अधिक तेजी अडानी ग्रुप के शेयरों में दिखी , अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स, ओएनजीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा और सिप्ला के शेयर में तेज़ी में नज़र आ रहे हैं। वहीं सबसे अधिक गिरावट विप्रो, हीरो मोटोकॉर्प, इंफोसिस, एचसीएल टेक और टाटा स्टील के शेयर में देखने को मिली।
अडानी ग्रुप के शेयरों पर आज ख़ास नज़र है. शुरुआती कारोबार में अडानी एंटरप्राइजेज 3.72 फीसदी, अडानी पोर्ट्स 2.48 फीसदी, अडानी पावर में 5% का अपर सर्किट, अडानी एनर्जी में 9.14% की तेजी, अडानी ग्रीन में 5.41% का उछाल, अडानी टोटल में 8.13 फीसदी की बढ़त और अडानी विल्मर में 5.77% की तेज़ी देखने को मिल रही है. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट आज अडानी-हिंडनबर्ग मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुना सकता है। पिछले साल नवंबर में इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला रिजर्व रख लिया था। पिछले साल के पहले महीने में अमेरिकी शॉर्ट सेल फर्म हिंडनबर्ग की ओर से अडानी ग्रुप की कंपनियों पर कथित गड़बड़ी का आरोप लगाया गया था।

