देश के दूसरे सबसे अमीर शख्स और भारतीय अरबपति गौतम अडाणी की संपत्ति में गिरावट लगातार जारी है. इस हफ्ते दुनिया भर में सबसे अधिक गिरावट अडाणी की संपत्ति में रही. ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक इस हफ्ते उनकी संपत्ति 1320 करोड़ डॉलर (97.9 हजार करोड़ रुपये) घटकर 6350 करोड़ डॉलर (4.71 लाख करोड़ रुपये) रह गई है.
अडाणी की संपत्ति में गिरावट एक खबर से हुई जिसमें नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (NSDL) द्वारा अडाणी ग्रुप कंपनियों में भारी निवेश करने वाले तीन फॉरेन पोर्टफोलियो इंवेस्टर्स (FPI) के खातों को फ्रीज करने की बात थी. इसके बाद से अडाणी ग्रुप के छह लिस्टेड स्टॉक में गिरावट जारी है. कुछ समय पहले तक वह नेटवर्थ के मामले में देश और एशिया के सबसे अधिक शख्स रिलायंस के चेयरमैन मुकेश अंबानी के करीब पहुंच रहे थे. अडाणी एशिया के दूसरे सबसे दौलतमंंद शख्स बन चुके थे लेकिन अब वह ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में एक पायदान नीचे खिसककर एशिया के तीसरे सबसे अमीर शख्स हो गए हैं और दुनिया भर के अमीरों की सूची में उनका 15वां स्थान है.

