मुंबई: कोविड-19 के नये मामलों में आ रही गिरावट से बीएसई का सेंसेक्स तथा नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी आधा फीसदी के करीब चढ़कर नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुये।
सकारात्मक निवेश धारणा के बीच चौतरफा लिवाली होने से सेंसेक्स 228.46 अंक यानी 0.44 प्रतिशत चढ़कर 52,328.51 अंक के ऐतिहासिक उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी भी 81.40 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की छलांग लगाकर 15,751.65 अंक पर पहुंच गया। यह पहली बार 15,700 अंक के पार बंद हुआ है।
महामारी का संक्रमण कम होने से कई राज्यों में धीरे-धीरे अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इससे तेल एवं गैस, बिजली, आईटी और टेक क्षेत्रों की कंपनियों में ज्यादा तेजी रही।
दिग्गज कंपनियों की तुलना में निवेशकों ने मझौली और छोटी कंपनियों में अधिक विश्वास दिखाया। बीएसई का मिडकैप 0.78 प्रतिशत चढ़कर 22,688.05 अंक पर और स्मॉलकैप 1.38 प्रतिशत की छलांग लगाकर 24,597.23 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में पावरग्रिड का शेयर 4.44 प्रतिशत, एनटीपीसी का 4.07 प्रतिशत और अल्ट्राटेक सीमेंट का 2.78 प्रतिशत चढ़ गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.68 फीसदी, इंडसइंड बैंक में 1.57, फीसदी, एचसीएल टेक्नोलॉजीज में 1.36, टेक महिंद्रा में 1.34, एलएंडटी में 1.28, आईटीसी में 1.27, टीसीएस में 1.23 और एक्सिस बैंक में 1.21 फीसदी की तेजी रही।
बजाज फाइनेंस का शेयर 4.43 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 2.67 प्रतिशत और एचडीएफसी का 1.33 प्रतिशत टूट गया।

