भारत में सोने में एक बड़ी गिरावट के बाद एकबार फिर पीली धातु में खरीदारी लौटी है। दिल्ली सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने का भाव 550 रुपये बढ़कर 71,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. आभूषण विक्रेताओं की मजबूत मांग और वैश्विक बाजारों में मजबूत रुख के बाद कीमतों में यह तेजी देखने को मिली. दूसरी ओर चांदी का भाव 84,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर अपरिवर्तित रहा. पिछले सत्र में चांदी एक दिन में 4500 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई थी.
खबर के मुताबिक 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव फिर बढ़कर 71,250 रुपये प्रति दस ग्राम हो गया. कारोबारियों ने सोने की कीमतों में तेजी का श्रेय स्थानीय आभूषण विक्रेताओं की ताजा मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूत रुख को दिया. वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स पर सोना 2,432.90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा है, जो पिछले बंद भाव से 7.40 डॉलर प्रति औंस अधिक है।
बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि बैंक ऑफ जापान और अमेरिकी केंद्रीय बैंक की नीति बैठक के नतीजों से पहले सोने की कीमतें एक दायरे में अटकी हुई हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स पर चांदी 0.27 फीसदी बढ़कर 27.94 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी के मुताबिक फेडरल रिजर्व द्वारा बुधवार को ब्याज दरें स्थिर रखने की उम्मीद है, लेकिन सभी की निगाहें सितंबर में दरों में कटौती के किसी संकेत पर रहेंगी।

