ईपीएस-95 योजना के करीब 78 लाख पेंशनभोगियों को सरकार बड़ी राहत दे सकती है. ईपीएस-95 राष्ट्रीय आंदोलन समिति (एनएसी) ने बताया है कि सरकार ने अधिक पेंशन की मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है वो सरकार से न्यूनतम मासिक पेंशन बढ़ाकर 7,500 रुपये करने की मांग कर रहे हैं। पेंशनभोगियों के निकाय ने कहा कि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात की। निकाय ने कहा कि इस दौरान श्रम मंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार उनकी मांग को पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।
खबर के मुताबिक प्रतिनिधियों के साथ यह बैठक बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में ईपीएस-95 एनएसी के सदस्यों द्वारा आयोजित विरोध प्रदर्शन के बाद हुई। देश के विभिन्न स्थानों से आए सदस्यों ने यहां सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और केवल 1,450 रुपये की औसत मासिक पेंशन की जगह अधिक पेंशन की मांग की। निकाय ने कहा कि करीब 36 लाख पेंशनभोगियों को प्रति माह 1,000 रुपये से भी कम पेंशन मिल रही है।
समिति के अध्यक्ष अशोक राउत ने कहा कि श्रम मंत्री मनसुख मंडाविया ने हमें आश्वासन दिया है कि सरकार हमारी समस्याओं का समाधान खोजने के लिए गंभीर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी हमारी समस्याओं को हल करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नियमित पेंशन फंड में दीर्घकालिक योगदान करने के बावजूद, पेंशनभोगियों को बहुत कम पेंशन मिलती है। मौजूदा पेंशन राशि से बुजुर्ग दंपतियों के लिए जीवन यापन करना भी मुश्किल हो जाता है। राउत ने कहा कि ईपीएस-95 एनएसी ने न्यूनतम पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपये प्रति माह करने की मांग की है, जिसमें पेंशनभोगी के जीवनसाथी के लिए महंगाई भत्ता और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल होनी चाहिए। राउत ने आगे कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के कई सांसदों ने भी संगठन के सदस्यों से मुलाकात की और अधिक पेंशन की मांग को पूरा करने में समर्थन का आश्वासन दिया।

