इंफोसिस के को-फाउंडर एसडी शिबूलाल के परिवार के सदस्यों ने 22- 24 जुलाई के बीच कंपनी के 85 लाख शेयर बाजार में बेच दिए. एक नियामकीय सूचना में यह जानकारी दी गई है. BSI को दी गई सूचना के मुताबिक, शिबुलाल के बेटे श्रेयस ने 22, 23 और 24 जुलाई 2020 को स्टॉक एक्सचेंज के मंच से इंफोसिस लिमिटेड के 40 लाख शेयर बेचे, जो इंफोसिस की 0.09 फीसदी हिस्सेदारी बनती है.
सूचना के मुताबिक श्रेयस की पहले इंफोसिस में 0.66 फीसदी हिस्सेदारी थी और हालिया बिक्री के बाद उनकी अंशधारिता घटकर 0.56 फीसदी रह गई है. इस प्रमुख आईटी कंपनी द्वारा दी गई अतिरिक्त सूचना में बताया गया है कि इंफोसिस के सह-संस्थापक के दामाद गौरव मनचंदा ने 18 लाख शेयर (0.04 फीसदी हिस्सा) बेचे, जबकि पोते मिलन शिबूलाल मनचंदा ने उसी दिन अपने 15 लाख शेयर (0.03 फीसदी हिस्सा) बेचे.
गौरव की हिस्सेदारी अब घटकर 0.32 फीसदी रह गई है, जबकि मिलन की हिस्सेदारी अब घटकर 0.33 फीसदी रह गई है. एसडी शिबूलाल की पत्नी, कुमारी, ने इंफोसिस के 12 लाख शेयर (0.03 फीसदी) बेचे और उनकी शेयरधारिता अब घटकर 0.22 फीसदी रह गई है.

