जनवरी 2021 में टेलिग्राम ने टिकटॉक (Tiktok) को सबसे ज्यादा डाउनलोड किए गए नॉन-गेमिंग ऐप के तौर पर पीछे छोड़ दिया है. यह जानकारी सेंसर टावर की रिपोर्ट में मिली है. मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को 63 मिलियन से ज्यादा इंस्टॉल किया गया, जो जनवरी 2020 की तुलना में 3.8 गुना ज्यादा डाउनलोड हैं. ऐप को साफ तौर पर व्हाट्सऐप (WhatsApp) की नई प्राइवेसी पॉलिसी से फायदा हुआ है, जिसने विवाद पैदा किया और बहुत से यूजर्स ने नियम और शर्तों को अपनाने की जगह विकल्पों को तलाशना शुरू कर दिया है.
जहां टेलिग्राम प्ले स्टोर पर सबसे ज्यादा डाउनलोड किया जाने वाला नॉन-गेमिंग ऐप रहा, वहीं एप्पल के ऐप स्टोर पर इसे चौथा पायदान मिला है. iOS डिवाइसेज पर, टिकटॉक अभी भी जनवरी 2021 में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया गया ऐप है, जिसके बाद यूट्यूब और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऐप जूम आता है. कुल मिलाकर, टिकटॉक के डाउनलोड पिछले महीने में 10 लाख को पार कर गए.
टेलिग्राम दिसंबर 2020 के नौवें स्थान से बढ़कर जनवरी 2021 में पहले स्थान पर पहुंच गया. 63 मिलियन डाउनलोड में से, 24 फीसदी भारत से हैं, जिसके बाद इंडोनेशिया में 10 फीसदी हैं.

