देश की प्रतिष्ठित आईटी कंपनी TCS ने गुरुवार को अपने तिमाही नतीजों की घोषणा की। कंपनी ने दिसंबर तिमाही में 11,058 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है. टीसीएस ने पिछली तिमाही में 10,846 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था. ऐसे समय में जब बीएफएसआई और हाईटेक सेक्टर में मंदी का असर देखने को मिल रहा है, TCS के मुनाफे में बढ़ोतरी देखी गई है।
TCS की ओर से जारी दिसंबर तिमाही के नतीजों में आय सालाना आधार पर 4 फीसदी बढ़कर 60,583 करोड़ रुपये हो गई है. इस दौरान कंपनी का EBITA मार्जिन 25 फीसदी रहा. कंपनी को इस तिमाही में 8.1 अरब डॉलर के ऑर्डर मिले हैं। टाटा की इस कंपनी के बोर्ड ने तिमाही नतीजों के साथ निवेशकों के लिए 27 रुपये प्रति शेयर के लाभांश की घोषणा की है। इसमें 18 रुपये का विशेष डिविडेंड भी शामिल है.
वहीँ देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी इंफोसिस ने भी आज दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए गए हैं। इंफोसिस के मुनाफे में सालाना आधार पर 7.3 फीसदी की गिरावट आई है और यह 6,106 करोड़ रुपये रहा है। पूरे साल के लिए इंफोसिस का रेवेन्यू गाइडेंस 1.5 से बढ़ाकर 2 फीसदी कर दिया गया है. पिछली तिमाही के दौरान यह 1 से 2.5 फीसदी थी. दिसंबर तिमाही में इंफोसिस की आय 38,821 करोड़ रुपये रही. एक तिमाही पहले यह 38,630 करोड़ रुपये था. तीसरी तिमाही में इंफोसिस ने 3.3 अरब डॉलर की डील हासिल की है, जो पिछली तिमाही में 7.7 अरब डॉलर थी। बाजार के जानकारों के अनुसार आईटी सेक्टर की कंपनियों के कमजोर प्रदर्शन का कारण वैश्विक स्तर पर आर्थिक अस्थिरता है जिसके कारण अंतरराष्ट्रीय कंपनियां आईटी में कम निवेश कर रही हैं।

