मंगलवार को सरकालिक ऊंचाइयां छूने के बाद आखिरी घंटों में शेयर बाजार पर मुनाफावसूली हावी होने के कारण भारतीय शेयर बाजार लाल निशान में बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 188.50 अंक गिरकर 74,482.78 पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई निफ्टी 57.10 अंक गिरकर 22,586.30 अंक पर बंद हुआ। बैंकिंग और ऑटो शेयरों में अच्छी तेजी रही. महिंद्रा के शेयर में करीब 5 फीसदी की शानदार तेजी देखने को मिली. वहीं, आईटी, एफएमसीजी, मेटल आदि में गिरावट रही।
कारोबार के दौरान निफ्टी ने आज अपना ऑल टाइम हाई छुआ। वहीं, सेंसेक्स अपने उच्चतम स्तर के करीब पहुंच गया. वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख और विदेशी संस्थागत निवेशकों की ताजा खरीदारी के चलते एनएसई निफ्टी मंगलवार को सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गया। दोपहर के कारोबार में एनएसई निफ्टी 136.35 अंक बढ़कर 22,779.75 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर था। दूसरी ओर, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 230.75 अंक की बढ़त के साथ 74,902.03 पर कारोबार कर रहा था। एक समय तो सेंसेक्स 75 हजार के पार भी पहुंच गया.
सेंसेक्स समूह में शामिल कंपनियों में टेक महिंद्रा, टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, लार्सन एंड टुब्रो और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा, पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक और मारुति में तेजी का रुख रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुआ।

