दिवाली से पहले भी शेयर बाज़ार में निवेशकों का दिवाला निकल रहा था और दीवाली के बाद भी उसमें कोई कमी नहीं आयी और सप्ताह के पहले दिन भारतीय शेयर बाज़ार औंधें मुंह गिर पड़ा. आज दिन के कारोबार में सेंसेक्स एक समय तो 1400 अंक नीचे चला गया था. बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स में 941 और निफ़्टी में 309 अंकों की गिरावट थी. सेंसेक्स जहाँ 79000 के लेवल से नीचे आ गया, वहीँ निफ़्टी ने 24000 के मज़बूत सपोर्ट को तोड़ दिया।
मिड और स्मॉल कैप इंडेक्स में भी 2 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। निफ्टी बैंक 458.65 अंक गिरकर 51,215.25 पर बंद हुआ। कारोबार के अंत में निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 711.50 अंक गिरकर 55,784.55 पर बंद हुआ। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 370.25 अंक चढ़कर 18,424.65 पर बंद हुआ। निफ्टी के रियल्टी, एनर्जी, मीडिया, इंफ्रा और कमोडिटीज सेक्टर में भारी बिकवाली रही। वहीं, ऑटो, फिन सर्विसेज, एफएमसीजी और मेटल सेक्टर भी 1 फीसदी की गिरावट के साथ लाल निशान में रहे।
सेंसेक्स पैक में रिलायंस, सन फार्मा, बजाज फिनसर्व, एनटीपीसी, टाटा मोटर्स, एक्सिस बैंक, टाइटन, पावर ग्रिड, टाटा स्टील और भारती एयरटेल टॉप लूजर रहे। वहीं, M&M, Tech Mahindra, SBI, HCL Tech, Infosys और इंडसइंड बैंक टॉप गेनर्स रहे। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की अग्रणी कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के शेयरों में भारी बिकवाली के बीच सोमवार को करीब तीन फीसदी की गिरावट आई।

