विधानसभा चुनाव नतीजों से शेयर बाजार में हरियाली छा गयी और सेंसेक्स, निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुए। आज के कारोबार में लगभग सभी सेक्टर इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली, सिवाय फार्मा के. पीएसयू, बैंकिंग के शेयरों में बढ़त देखी गई। ऑटो, मेटल, आईटी इंडेक्स बढ़त पर बंद हुए, तेल एवं गैस शेयरों में काफी जोरदार तेजी रही. क्लोजिंग पर सेंसेक्स 1383.93 अंक यानी 2.05 फीसदी की बढ़त के साथ 68,865.12 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 418.90 अंक यानी 2.07 फीसदी की बढ़त के साथ 20686.80 पर बंद हुआ।
सबसे ज़्यादा हलचल वाले शेयरों में हिंदुस्तान जिंक, सोम डिस्टिलरीज रहे | बीसीएल इंडस्ट्रीज का शेयर 9.61 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। कंपनी को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को 561 करोड़ रुपये का इथेनॉल सप्लाई करने का ठेका मिला है. कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि बीसीएल इंडस्ट्रीज ने अपनी सहायक कंपनी स्वच्छ डिस्टिलरी के साथ मिलकर तेल विपणन कंपनियों के टेंडर में हिस्सा लिया था।
न्यूजेन सॉफ्टवेयर का शेयर 2.47 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। जेफरीज ने न्यूजेन सॉफ्टवेयर पर अपनी ‘खरीद’ रेटिंग बरकरार रखी है और लक्ष्य मूल्य 1,275 रुपये प्रति शेयर से बढ़ाकर 1,740 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। व्हर्लपूल ऑफ इंडिया का शेयर 7 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ. यह गिरावट व्हर्लपूल की होल्डिंग कंपनी द्वारा कंपनी में 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने के इरादे की घोषणा के बाद देखी गई।
डेल्टा कॉर्प के शेयरों में तीन दिन की जीत का सिलसिला टूटते हुए 3.77 फीसदी की गिरावट आई। पेनिनसुला लैंड के साथ संयुक्त उद्यम के माध्यम से रियल एस्टेट क्षेत्र में प्रवेश की घोषणा के बाद कंपनी के शेयरों में तेजी आई थी। लेमन ट्री होटल द्वारा महाराष्ट्र और कर्नाटक में नए होटल खोलने के बाद लेमन ट्री होटल्स के शेयरों में आज तेजी आई। आज कारोबार के अंत में यह शेयर 2.17 फीसदी की बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा।
