सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को शेयर बाजार जबरदस्त बढ़त के साथ खुला। बीएसई सेंसेक्स 1098.02 अंकों की बढ़त के साथ 79,984.24 अंकों पर खुला। वहीं एनएसई का निफ्टी 50 भी 269.85 अंकों की उछाल के साथ 24,386.85 अंकों पर खुला। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 848 और निफ़्टी 237 अंक चढ़कर कारोबार कर रहा है.
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी। गुरुवार को आरबीआई एमपीसी बैठक के नतीजे आने के बाद बाजार में तेज गिरावट देखने को मिली जो अंत तक जारी रही। गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 581.79 अंकों (0.73%) की गिरावट के साथ 78,886.22 अंकों पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 180.50 अंकों (0.74%) की गिरावट के साथ 24,117.00 अंकों पर बंद हुआ।
गुरुवार को टाटा मोटर्स के शेयर सबसे ज्यादा 1.57 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए जबकि एशियन पेंट्स के शेयर सबसे ज्यादा 3.21 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। इनके अलावा सन फार्मा और एक्सिस बैंक के शेयर लगभग पूरी तरह फ्लैट रहे और हरे निशान में बंद हुए। इससे पहले सप्ताह के पहले दो दिन सोमवार और मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली थी, जिसके बाद बुधवार को बाजार ने शानदार रिकवरी भी की।

