शनिवार के बावजूद आज भी भारतीय शेयर बाज़ार खुला और दिन भर उसमें कारोबार हुआ. उतार -चढ़ाव भरे कारोबारी सत्र में सेंसेक्स-निफ़्टी लाल निशान में बंद हुए। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 259.58 अंक और निफ्टी 36.70 अंक घटकर 21,585.70 पर बंद हुआ। आज लगभग 1971 शेयर बढ़े और 1706 शेयर गिरे जबकि 87 शेयर अपरिवर्तित रहे हैं। बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में तेजी रही।
इंडसइंड बैंक, एचयूएल, एमएंडएम, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजीज निफ्टी के टॉप गिरावट वाले शेयरों में रहे हैं। कोल इंडिया, अदानी पोर्ट्स, अदानी एंटरप्राइजेज, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक निफ्टी टॉप गेनरों में शामिल रहे। सेक्टोरल सूचकांकों पर नजर डालें तो बैंक, मेटल, और पावर इंडेक्स 0.5-1 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुए हैं, वहीँ एफएमसीजी, आईटी, फार्मा और रियल्टी 0.4-1 फीसदी नीचे बंद हुए हैं। आज बैंकिंग इंडेक्स ने मजबूत प्रदर्शन किया जबकि एफएमसीजी और टेक शेयरों में गिरावट देखने को मिली। टायर वाली कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी आई।
मिड और स्मॉलकैप एक दायरे में कारोबार करते रहे। निफ्टी 50 ने डेली चार्ट पर बियरिश कैंडलस्टिक पैटर्न बनाया है। जानकारों को लगता है कि निफ्टी 21,500-21,700 के दायरे में घूमता रहेगा। उनके मुताबिक बैंक निफ्टी इंडेक्स ने 45700-45600 के तत्काल सपोर्ट को बनाए रखते हुए डेली चार्ट पर हायर लो बनाकर मजबूती दिखाई। एक और विशेषज्ञ के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक निफ्टी 21500-21700 के दायरे में रहेगा तब तक कंसोलीडेशन जारी रह सकता है। इस रेंज के किसी भी तरफ निर्णायक ब्रेकआउट से ही बाजार की दिशा साफ होगी। निफ्टी के 21500 से नीचे जाने पर 21300 और उससे भी नीचे का स्तर देखने को मिल सकता है।

