मुंबई: कोविड-19 के मामलों में जारी गिरावट के दम पर घरेलू शेयर बाजार आज नये रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुये।
बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 221.52 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की छलांग लगाकर 52,773.05 अंक पर पहुंच गया। यह पहली बार 52,700 अंक के पार बंद हुआ है। बीच कारोबार में यह पहली बार 52,800 अंक के ऊपर निकल गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 48.40 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की बढ़त के साथ 15,860.25 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 15,901.60 अंक के ऐतिहासिक स्तर तक चढ़ा। दोनों सूचकांक लगातार चौथे दिन हरे निशान में बंद हुये हैं।
कोविड-19 के मामलों में लगातार आ रही कमी से निवेशकों में अर्थव्यवस्था को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है। इससे मझौली और छोटी कंपनियों में भी उन्होंने लिवाली की। सोमवार की गिरावट से उबरते हुये बीएसई का मिडकैप 0.60 फीसदी की तेजी में 22,907.41 अंक पर बंद हुआ। छोटी कंपनियों का सूचकांक स्मॉलकैप 0.44 प्रतिशत उछलकर 25,186.27 अंक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

