मुंबई: बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 548 अंक उछलकर 37,000 अंक के स्तर को लांघकर 37,020.14 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में अच्छी हिस्सेदारी रखने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी, आईसीआई बैंक और एचयूल में अच्छी तेजी के साथ बाजार में यह उछाल दर्ज किया गया।
तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरू से ही बढ़त में रहा और अंत में 548.46 अंक यानी 1.50 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 37,020.14 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 161.75 यानी 1.51 प्रतिशत उछलकर 10,901.70 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में ओएनजीसी रही। इसमें 5.52 प्रतिशत की तेजी आयी।
उसके बाद टाइटन, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और बजाज फाइनेंस का स्थान रहा। दूसरी तरफ टीसीएस, नेस्ले इंडिया, इन्फोसिस, एचसीएल टेक और एक्सिस बैंक में गिरावट दर्ज की गयी। कारोबारियों के अनुसार वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख के साथ सूचकांक में अच्छी हिस्सेदारी रखने वाले शेयर केंद्रित लिवाली से बाजार में मजबूती आयी।

