मुंबई: गुरुवार को शेयर बाजारों में अच्छी मजबूती देखने को मिली. सेंसेक्स 646.40 अंकों की तेजी दर्शाता हुआ 38,840.32 पर बंद हुआ. वहीं निफ्टी 171.2 अंकों की बढ़त के साथ 11,449.25 पर बंद हुआ. सेंसेक्स पर आज सबसे ज्यादा 7.1 फीसदी की तेजी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में देखने को मिली. रिलांयस के अलावा सेंसेक्स पर एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस और इंडसइंड बैंक के शेयरों में भी अच्छी तेजी रही. सबसे ज्यादा गिरावट टाटा स्टील के शेयरों में रही.
वहीं एनएसई पर मेटल और फार्मा शेयरों को छोड़कर अन्य सेक्टारेल इंडेक्स हरे निशान में बंद हुए. सबसे अधिक तेजी पीएसयू बैंक शेयरों में रही. निफ्टी पर रिलायंस, बीपीसीएल, एशियन पेंट्स, आईओसी और एक्सिस बैंक टॉप गेनर्स रहे. वहीं इंफ्राटेल, हिंडाल्को, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और डॉ. रेड्डीज टॉप लूजर्स रहे.
इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज 200 अरब डॉलर (करीब 15 लाख करोड़ रुपये) का मार्केट कैप छूने वाली भारत की पहली कंपनी बन गई. कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर बीएसई पर 8 फीसदी से ज्यादा की तेजी के साथ 2,343.90 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए. शेयर में तेजी से कंपनी का मार्केट कैप 200 अरब डॉलर के पार चला गया. अमेरिकी कंपनी सिल्वर लेक की ओर से रिलायंस रिटेल में हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा से RIL के शेयरों में जबदस्त खरीदारी आई. कारोबार के दौरान कंपनी का शेयर 2,343.90 रुपये के रिकॉर्ड नए भाव पर पहुंच गया.

