बुधवार को शेयर बाजार में पीएसयू बैंक, रियल एस्टेट, ऑटो, ऑयल एंड गैस शेयरों में भारी बिकवाली से हाहाकार मच गया। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज इंडेक्स सेंसेक्स आज 790 अंक की गिरावट के साथ 72,304 पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी 247 अंक की भारी गिरावट के साथ 21,951 पर बंद हुआ। बाजार बंद होते समय निफ्टी पैक के 50 शेयरों में से 46 शेयर लाल निशान पर थे और सिर्फ 4 शेयर हरे निशान पर रहे। वहीँ सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 शेयर लाल निशान पर थे और मात्र 3 शेयर ही हरे निशान पर रहे।
निफ्टी पैक के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट पावर ग्रिड में 4.22 फीसदी की रही, बजाज ऑटो, अपोलो हॉस्पिटल, आयशर मोटर्स और इंडसइंड बैंक में भी तीन फ़ीसदी से ज़्यादा की गिरावट दर्ज हुई. वहीं HUL, भारती एयरटेल, इंफोसिस और टीसीएस के शेयरों में तेज़ी दर्ज की गई।
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो बुधवार को निफ्टी मीडिया में 3.46 और निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.30 फीसदी की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई. इसके अलावा निफ्टी ऑटो, निफ्टी बैंक, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी आईटी, निफ्टी एफएमसीजी, निफ्टी मेटल, निफ्टी फार्मा, निफ्टी प्राइवेट बैंक, निफ्टी रियल्टी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी हेल्थकेयर में गिरावट आई।

