भारतीय शेयर बाज़ारों में तेज़ी का दौर जारी है, सेंसेक्स ने आज पहली बार 70 हज़ार के आंकड़े को छूआ. हफ्ते के पहले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स-निफ़्टी मजबूती के साथ बंद हुए। BSE का सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 102.93 अंक की बढ़त के साथ 69928.53 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 27.7 अंक की बढ़त के साथ 20997.10 के स्तर पर बंद हुआ। बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 1 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.7 फीसदी की बढ़त रही. यूपीएल, अल्ट्राटेक सीमेंट, ओएनजीसी, अदानी एंटरप्राइजेज और एलटीआईमाइंडट्री बिल्डर्स टॉप ट्रेडिंग शेयर रहे वहीँ डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज, सिप्ला, एक्सिस बैंक, बीपीसीएल और एमएंडएम निफ्टी भी टॉप पर कारोबार करते देखे गए।
मिले जुले वैश्विक संकेतों ने भारतीय शेयर बाजार को सीमित समर्थन प्रदान किया। निफ्टी 50 पिछले बंद स्तर 20,969.40 के मुकाबले सोमवार सुबह 20,965.30 पर खुला और सत्र के दौरान 21,026.10 के उच्च स्तर को छू गया। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सोमवार को 69,825.60 के पिछले बंद स्तर के मुकाबले 69,925.63 पर खुला और सत्र के दौरान 70057.83 के अपने नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा। बता दें कि सेंसेक्स आज पहली बार 70,000 के पार पहुंचा था.
बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण यानी मार्केट कैप पिछले सत्र के 349.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर करीब 351.1 लाख करोड़ रुपये हो गया जिससे निवेशकों ने एक ही सत्र में 1.9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. कारोबार के दौरान एफएमसीजी, पावर, मेटल,पीएसयू बैंक, रियल्टी इंडेक्स 0.5-1 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। फार्मा इंडेक्स में 0.4 फीसदी की गिरावट देखने को मिली.

