मुंबई: वैश्विक बाजारों में गिरावट से सहमे स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को बिकवाली का दबाव बढ गया और प्रमुख सूचकांकों में 1.8 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गयी। यह करीब पांच सप्ताह में किसी एक दिन में बड़ी गिरावट है।
अमेरिकी-चीन के बीच तनाव और कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच वैश्विक स्तर पर गिरावट के साथ घरेलू शेयर बाजार नीचे आये। तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 660.63 अंक यानी 1.80 प्रतिशत की गिरावट के साथ 36,033.06 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 195.35 अंक यानी 1.81 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,607.35 अंक पर बंद हुआ।
बैंक शेयरों में बिकवाली जारी रही। इसमें 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गयी। इसके अलावा धातु और वाहन कंपनियों के शेयरों में बिकवाली देखी गयी। इनमें 2.5-2.5 प्रतिशत की गिरावट आयी। एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक दोनों के शेयर एचडीएफसी बैंक के इस बयान के बाद उसका शेयर नीचे आ गये कि उसने वाहन कर्ज गतिविधियों की जांच शुरू की है।

