मुंबई। शेयर बाजार मंगलवार को दर्ज जोरदार गिरावट के बाद बुधवार को उबर गए। सकारात्मक वैश्विक रुख के बीच मुख्य रूप से धातु और बैंकिंग शेयरों में लाभ से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 162 अंक चढ़ गया। हालांकि, वाहन कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट से बाजार का लाभ सीमित रहा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 47 अंक की बढ़त के साथ 10,800 अंक पर बंद हुआ। निवेशकों ने देश की अर्थव्यवस्था की सेहत की चिंता छोड़कर वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख को देखते हुए लिवाली की। इससे बाजार में तेजी आई।
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 367 अंक तक झूलने के बाद अंत में 161.83 अंक या 0.44 प्रतिशत के लाभ से 36,724.74 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान इसने 36,776.31 अंक का उच्चस्तर भी छुआ और यह 36,409.54 अंक के निचले स्तर तक भी आया। निफ्टी कारोबार के दौरान 10,858.75 अंक से 10,746.35 अंक के दायरे में घूमने के बाद अंत में 46.75 अंक या 0.43 प्रतिशत के लाभ से 10,844.65 अंक पर बंद हुआ।
हांगकांग से आने वाली सकारात्मक खबरों से धातु, बैंकिंग, दूरसंचार और आईटी कंपनियों के शेयर लाभ में रहे। हांगकांग के संकट में फंसी नेता कैरी लैम ने उस विवादास्पद विधेयक को वापस लेने की घोषणा की जो अपराधियों को मुख्य भूमि चीन को सुपुर्द करने की छूट देने का प्रावधान प्रस्तावित है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में 18 लाभ में रहे। 12 में गिरावट आई। सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल, एसबीआई, टाटा स्टील, वेदांता, एनटीपीसी, एचडीएफसी बैंक, एचसीएल टेक, ओएनजीसी, आईसीआईसीआई बैंक और एलएंडटी 2.97 प्रतिशत तक चढ़ गए। वहीं दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी वाहन कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया का शेयर 3.64 प्रतिशत टूट गया। कंपनी ने अपने हरियाणा के गुरुग्राम और मानेसर संयंत्रों में विनिर्माण परिचालन दो दिन के लिए स्थगित करने की घोषणा की है। अन्य कंपनियों में सनफार्मा, टाटा मोटर्स, एशियन पेंट्स, इंडसइंड बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज आटो तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज में 2.97 प्रतिशत तक की गिरावट आई।

