मुंबई: मिले जुले ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में कल की गिरावट के बाद अच्छी रिकवरी देखने को मिली है. कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए. सेंसेक्स में करीब 273 अंकों की तेजी रही है और यह 38,900.80 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी में 109 अंकों की तेजी के साथ 11,496 के स्तर पर बंद हुआ. बीएसई मिडकैपव इंडेक्स भी करीब 171 अंक मजबूत होकर बंद हुआ है. वहीं स्मालकैप इंडेक्स में भी 77 अंकों की तेजी रही है. फाइनेंशियल और फार्मा शेयरों में भी अच्छी तेजी रही है. इसके पहले सोमवार को भारत और चीन की सेनाओं के बीच बॉर्डर पर झड़प होने की खबर से सेंसेक्स उपरी स्तरों से 1500 अंक टूटकर बंद हुआ था.
ग्लोबल संकेतों की बात करें तो सोमवार को डाउ जोंस में करीब 224 अंकों की गिरावट रही थी. नैसडेक बढ़कर बंद हुआ. वहीं आज एशियाई बाजारों में मिक्स्ड ट्रेंड देखने को मिला है. सेंसेक्स 30 के आज 21 शेयरों में तेजी देखने को मिली है. एयरटेल करीब 7 फीसदी मजबूत हुआ है. टाटा स्टील में 4.5 फीसदी तेजी रही है. बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी, एसबीआई और बजाज फिनसर्व आज के टॉप गेनर्स रहे हैं. वहीं, ओएनजीसी करीब 3 फीसदी कमजोर हुआ है. एक्सिस बैंक, इंफोसिस, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक और एचसीएल टेक आज के टॉप लूजर्स रहे हैं.

