नई दिल्ली: बेहतर ग्लोबल संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार में भी 10 मार्च यानी बुधवार को तेजी देखने को मिली है. इंट्रा डे कारोबार में निफ्टी 15200 और सेंसेक्स 51450 के करीब पहुंच गया. हालांकि बाद में उपरी स्तरों से कुछ कमजोरी आई. यूएस में बॉन्ड यील्ड में नरमी के चलते बाजार सेंटीमेंट में सुधार हुआ है. फिलहाल कारोबार के अंत में सेंसेक्स में करीब 254 अंकों की तेजी रही है और यह 51280 के स्तर पर बंद हुआ.
वहीं निफ्टी में 76 अंकों की तेजी रही है और यह 15175 के स्तर पर बंद हुआ. आज कारोबार में आईटी, आटो, मेटल और फार्मा शेयरों में अच्छी खरीददारी रही है. निफ्टी पर बैंक इंडेक्स भी हरे निशान में बंद हुए हैं. आज के कारोबार में बजाज फाइनेंस, सनफार्मा टॉप गेनर्स में शामिल हैं. वहीं ओएनजीसी, कोटक बैंक टॉप लूजर्स में शामिल हैं. ग्लोबल संकेतों की बात करें तो टेक शेयरों में खरीदारी के चलते मंगलवार को नैसडेक में 3.75 फीसदी उछाल देखने को मिला था. वहीं आज एशियाई बाजारों में भी तेजी देखने को मिली है.
आज के टॉप गेनर्स, टॉप लूजर्स
आज के कारोबार में लॉर्जकैप शेयरों में अच्छी खरीददारी है. सेंसेक्स 30 के 23 शेयर हरे निशान में हैं. कारोबार में बजाज फाइनेंस, सनफार्मा, एक्सिस बैंक, टेक महिंद्रा, बजाज आटो, इंफोसिस और एचसीएल टेक टॉप गेनर्स में शामिल हैं. वहीं ओएनजीसी, कोटक बैंक, आईटीसी, मारुति, एचडीएफसी बैंक, पवरग्रिड और आरआईएल टॉप लूजर्स में शामिल हैं.

