मुंबई: शेयर बाजारों में पिछले पांच कारोबारी सत्रों से जारी तेजी पर बुधवार को विराम लग गया और बीएसई सेंसेक्स 59 अंक की मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ। वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच निवेशकों की आईटी, दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों तथा वित्तीय कंपनियों के शेयरों में मुनाफावसूली से शेयर बाजार नीचे आये।
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 58.81 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 37,871.52 अंक पर बंद हुआ। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29.65 अंक यानी 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 11,132.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक नुकसान में एचयूएल रही। इसमें 3.06 प्रतिशत की गिरावट आयी।
मंगलवार को जारी कंपनी के वित्तीय परिणाम के अनुसार उसका एकीकृत शुद्ध लाभ जून तिमाही में 5.68 प्रतिशत बढ़कर 1,897 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने यह भी कहा कि कोविड-19 संकट के बीच एक-दो तिमाहियों में उतार-चढ़ाव की आशंका है।इसके अलावा टाटा स्टील, इन्फोसिस, मारुति, इंडसइंड बैंक, एल एंड टी, एशियन पेंट्स और टीसीएस के शेयर भी 2.51 प्रतिशत तक टूटे। दूसरी तरफ एक्सिस बैंक, टाइटन, पावरग्रिड, आईटीसी, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 7.36 प्रतिशत तक लाभ में रहे। कारोबारियों के अनुसार शेयर केंद्रित कदम के साथ ही मुनाफावसूली से बाजार नीचे आया।

