मुंबई: वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिलने से बंबई शेयर बाजार (बीएसई) का संवेदी सूचकांक ‘सेंसेक्स’ सोमवार को 99 अंक बढ़कर 36,693.69 अंक पर बंद हुआ। प्रमुख शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज को बाजार का अच्छा समर्थन था। बाजार शुरू में काफी उछाल पर था लेकिन शाम तक यह तेजी बरकार नहीं रह सकी।
सेंसेक्स शुरू में 430 अंक ऊपर चढ गया था। अंत में यह पिछले कारोबारी सत्र के बंद के मुकाबले 99.36 अंक यानी 0.27 प्रतिशत बढ़कर 36,693.69 अंक पर टिका। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी सूचांक 34.65 अंक बढ़कर 10,802.70 अंक पर बंद हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के शेयरों में सबसे ज्यादा तीन प्रतिशत का उछाल दर्ज किया गया। कंपनी ने कहा कि उसकी इकाई जियो प्लेटफार्म्स में वायरलेस प्रौद्योगिकी क्षेत्र की शीर्ष कंपनी क्वालकॉम ने मामूली 0.15 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है जिसके लिये 730 करोड़ रुपये मिलेंगे।
इससे कंपनी के शेयरों में खरीदारी का जोर रहा और उसका शेयर रिकार्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। आरआईएल का शेयर मूल्य 3.23 प्रतिशत बढ़कर 1,938.70 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बंद हुआ। पिछले दिन के बंद भाव के मुकाबले इसके शेयर में 60.65 रुपये की वृद्धि दर्ज की गई। इसके अलावा टेक महिन्द्रा, एचसीएल टेक, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, एचयूएल और आईटीसी भी बढ़त दर्ज करने वाले प्रमुख शेयरों में शामिल रहे। वहीं एचडीएफसी बैंक और एचडीएफसी के शेयरों में दो प्रतिशत तक गिरावट से सूचकांक की तेजी थम गई। एक रिपोर्ट के मुताबिक एचडीएफसी बैंक ने बैंक में कर्ज देने के अनुचित तौर तरीके अपनाये जाने और उसकी वाहन वित्त उपलब्ध कराने वाली इकाई में हितों के टकराव के मामले में जांच की है। पावर ग्रिड, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, स्टेट बैंक और कोटक बैंक में भी गिरावट दर्ज की गई।

