मुंबई: रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर में बढ़त तथा सकारात्मक वैश्विक रुख से शुक्रवार को बीएसई सेंसेक्स 199 अंक चढ़ गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान एक समय 645.13 अंक तक ऊंचा चला गया था। हालांकि, बाद में इसने अपना अधिकांश लाभ गंवा दिया। अंत में यह 199.32 अंक या 0.63 प्रतिशत की बढ़त के साथ 31,642.70 अंक पर बंद हुआ।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 52.45 अंक या 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,251.50 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स की कंपनियों में हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर में सबसे अधिक चार प्रतिशत से अधिक का लाभ रहा। नेस्ले इंडिया, टेक महिंद्रा और सनफार्मा के शेयरों में भी बढ़त रही। सेंसेक्स की बढ़त में सबसे अधिक योगदान रिलायंस इंडस्ट्रीज का रहा।
कंपनी ने घोषणा की है कि अमेरिका की निजी इक्वटी कंपनी विस्टा इक्विटी पार्टनर्स उसके जियो प्लेटफॉर्म में 2.32 प्रतिशत हिस्सेदारी 11,367 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इससे रिलायंस का शेयर तीन प्रतिशत से अधिक उछल गया। वहीं दूसरी ओर एनटीपीसी, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एक्सिस बैंक और इंडसइंड बैंक के शेयरों में गिरावट आई। शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 19,056.49 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

