घरेलू शेयर बाजार पिछले कई सत्रों से लगातार गिरावट का सामना कर रहे लेकिन आज गुरुवार को जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। शेयर बाजार की धमाकेदार शुरुआत हुई है, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क सेंसेक्स 567.71 अंकों की जोरदार उछाल के साथ 72669.40 पर खुला। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी भी 167.3 अंक की जोरदार बढ़त के साथ 22006.40 के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। बैंक निफ्टी इंडेक्स 363.95 अंक या 0.79% बढ़कर 46,674.85 पर खुला।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी पर BPCL, Tata Steel, Hindalco, IndusInd Bank और जेएसडब्ल्यू स्टील प्रमुख लाभ में रहे, जबकि Nestle, Britannia, Dr Reddy’s Labs, Hero MotoCorp और एचयूएल घाटे में रहे। एनएसई पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने 20 मार्च, 2024 को शुद्ध रूप से 2,599.2 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 20 मार्च, 2024 को शुद्ध रूप से 2,667.5 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
Wall Street के नई ऊंचाई पर पहुंचने के बाद गुरुवार को एशियाई शेयर बाजारों में भी ज़ोरदार तेजी दिख रही है क्योंकि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया और संकेत दिया कि वह मुद्रास्फीति में हालिया वृद्धि के बावजूद इस साल तीन बार ब्याज दरें नहीं बढ़ाएगा। इसके अलावा लगातार तीसरे महीने जापानी निर्यात बढ़ने के बाद निक्केई 225 में बढ़त देखी जा रही है। अमरीकी इंडेक्स एसएंडपी 500 के 0.9% बढ़कर नई ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अमेरिकी इक्विटी वायदा भी उन्नत हुआ। अमेरिकी स्मॉल-कैप, जो आम तौर पर अर्थव्यवस्था के विस्तार के दौरान अच्छा प्रदर्शन करते हैं, ने भी एक महीने में अपना सर्वश्रेष्ठ सत्र दर्ज किया।

