नई दिल्ली: मौद्रिक नीति की घोषणा के एक दिन बाद SBI ने अपनी ऋण दरों में कटौती की है, जिससे घर और ऑटो ऋण सस्ते हो गए हैं लेकिन साथ ही एफडी पर मिलने वाले ब्याज में भी कमी की है। नई दरें 10 फरवरी 2020 से लागू हो रही हैं। एसबीआई ने लगातार नौवीं बार वित्त वर्ष 2019-20 के लिए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (MCLR ) में कटौती का एलान किया है।
एमसीएलआर में पांच बीपीएस की कटौती की गई है। जिसके बाद यह दर सालाना 7.90 फीसदी से कम होकर 7.85 फीसदी हो गई है। इससे ग्राहकों को फायदा होगा क्योंकि अब उन्हें सस्ते में होम लोन और ऑटो लोन मिल जाएगा।
लोन के अतिरिक्त फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) पर भी एसबीआई ने घोषणा की है। एसबीआई ने इसमें 10 से 50 बेसिस प्वाइंट की कमी की है। इसके साथ ही एकमुश्त एफडी (बल्क टर्म डिपॉजिट) पर मिलने वाले ब्याज में भी कमी की गई है।

