मुंबई: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया बृहस्पतिवार को दो पैसे की मामूली बढ़त के साथ 76.14 प्रति डॉलर पर लगभग स्थिर बंद हुआ। चीन के साथ सीमा विवाद के बीच विदेशी पूंजी निकासी और तेल के दाम में तेजी से निवेशकों की धारणा पर असर पड़ा।
विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार विश्व की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना अमेरिका डॉलर के कमजोर होने और घरेलू शेयर बाजार में तेजी से रुपया सीमित दायरे में रहा। हालांकि, कोरोना वायरस के बढ़ते मामले, चीन के साथ सीमा पर तनाव और विदेशी पूंजी निकासी ने लाभ पर अंकुश लगाया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले हल्की गिरावट के साथ 76.17 पर खुला। कारोबार के दौरान ऊंचे में यह 76.08 तथा नीचे में 76.19 प्रति डॉलर तक गया। अंत में दो पैसे की हल्की बढ़त के साथ 76.14 पर बंद हुआ।डॉलर के मुकाबले रुपया बुधवार को 76.16 पर बंद हुआ था। इस बीच, डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत घटकर 97.10 पर आ गया।

