फ्लाइट के लिए हैंड बैगेज से जुड़े नियमों में बदलाव हुआ है। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी और सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स ने नए हैंड बैगेज नियम लागू किए हैं। एयरपोर्ट पर बढ़ते पैसेंजर लोड को देखते हुए ये नए नियम लागू किए जा रहे हैं जिनका उद्देश्य सिक्योरिटी चेक में लगने वाले समय को कम करना है। क्या आप इन बदले हुए नियमों को जानते हैं. नहीं जानते तो चलिए हम बताते हैं
तो पहला बदलाव ये हुआ है कि अब एक पैसेंजर सिर्फ एक ही हैंड बैगेज रख सकेगा। यह नियम डोमेस्टिक और इंटरनेशनल दोनों फ्लाइट्स के लिए है। अगर आपके पास एक से ज्यादा बैग हैं तो आपको एक्स्ट्रा बैग की चेकिंग करानी होगी।
बैग की वजन सीमा भी आपकी ट्रैवल क्लास के हिसाब से तय की गई है। इकोनॉमी और प्रीमियम इकोनॉमी पैसेंजर 7 किलो तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं। जबकि फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास पैसेंजर 10 किलो तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं। अगर आपने 2 मई, 2024 से पहले अपनी फ्लाइट बुक की है, तो आप कुछ छूट के पात्र हैं। पहले बुकिंग करा चुके इकोनॉमी क्लास के यात्री 8 किलोग्राम तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं। प्रीमियम इकोनॉमी के यात्री 10 किलोग्राम तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं। फर्स्ट क्लास और बिजनेस क्लास के यात्री 12 किलोग्राम तक का हैंड बैग ले जा सकते हैं।
हैंड बैग के लिए अधिकतम आकार सीमा भी जारी की गई है जिसकी ऊंचाई: 55 सेमी (21.6 इंच), लंबाई: 40 सेमी (15.7 इंच) और चौड़ाई: 20 सेमी (7.8 इंच) होनी चाहिए , इसलिए सुनिश्चित करें कि आपका हैंड बैग इस आकार सीमा के भीतर हो।
नए नियमों के तहत सुरक्षा कर्मचारियों को कुछ ही बैग चेक करने होंगे। इससे सुरक्षा जांच में लगने वाला समय कम हो जाएगा। अब जब आप फ्लाइट के लिए पैकिंग करें, तो नए नियमों का ध्यान रखें।

