बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज के इंडेक्स सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे कीमती कंपनियों में से पांच का बाजार पूंजीकरण पिछले सप्ताह 1,99,111.06 करोड़ रुपये बढ़ गया जिसमें सबसे ज़्यादा मुनाफे में बाजार की दिग्गज रिलायंस इंडस्ट्रीज रही। पिछले हफ्ते सेंसेक्स 542.3 अंक चढ़ा. सप्ताह के दौरान जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, आईसीआईसीआई बैंक, इंफोसिस और भारती एयरटेल का मार्केट कैप बढ़ा। वहीं एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी, भारतीय स्टेट बैंक और भारतीय जीवन बीमा निगम नुकसान में रहे। उनके बाजार मूल्यांकन में कुल मिलाकर 76,098.67 करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
पिछले हफ्ते रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 90,220.4 करोड़ रुपये बढ़कर 18,53,865.17 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. TCS का वैल्यूएशन 52,672.04 करोड़ रुपये बढ़कर 14,20,333.97 करोड़ रुपये हो गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर शुक्रवार को करीब चार फीसदी चढ़े. दिसंबर तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा 8.2 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 11,735 करोड़ रुपये रहा. सप्ताह के दौरान इंफोसिस का बाजार पूंजीकरण 32,913.04 करोड़ रुपये बढ़कर 6,69,135.15 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी के दिसंबर तिमाही के नतीजे बाजार की उम्मीदों के अनुरूप रहे। इसके चलते शुक्रवार को इंफोसिस के शेयर आठ फीसदी चढ़ गए. भारती एयरटेल का मार्केट कैप 16,452.93 करोड़ रुपये बढ़कर 6,05,299.02 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ICICI बैंक का मार्किट कैप 6,852.65 करोड़ रुपये बढ़कर 7,04,210.07 करोड़ रुपये हो गया.
वहीँ एचडीएफसी बैंक का वैल्यूएशन 32,609.73 करोड़ रुपये घटकर 12,44,825.83 करोड़ रुपये रह गया. हिंदुस्तान यूनिलीवर का मार्किट कैप 17,633.68 करोड़ रुपये घटकर 5,98,029.72 करोड़ रुपये हो गया. एलआईसी का वैल्यूएशन 9,519.13 करोड़ रुपये घटकर 5,24,563.68 करोड़ रुपये और आईटीसी का बाजार पूंजीकरण 9,107.19 करोड़ रुपये घटकर 5,82,111.90 करोड़ रुपये रह गया। भारतीय स्टेट बैंक का वैल्यूएशन 7,228.94 करोड़ रुपये घटकर 5,65,597.28 करोड़ रुपये रह गया।

