नयी दिल्ली: तेल खनन से लेकर रोजमर्रा के सामानों के खुदरा कारोबार में लगी निजी क्षेत्र की विशाल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआईएल) का राइट्स शेयर का निर्गम 20 मई को खुलेगा। कंपनी के शेयरधारक इस 53,125 करोड़ रुपये के निर्गम में शेयर के लिए तीन जून तक आवेदन कर सकते हैं।
मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली आरआईएल ने राइट्स इश्यू लाने की घोषणा 30 अप्रैल को की थी। इसमें वर्तमान 15 पर एक शेयर खरीदने का अधिकार देने की पेशकश की गयी है।यह भारत में अब तक का सबसे बड़ा राइट्स शेयर निर्गम है। रिलायंस ने तीन दशक में पहली बार राइट्स शेयर जारी करने का कदम उठाया है।
कंपनी पहले कह चुकी है कि जिनके नाम 14 मई तक उसके शेयर रहे होंगे वे इस निर्गम में आवेदन कर सकेंगे। कंपनी ने शेयर बाजारों को ताजा सूचना में कहा है कि उसके निदेशक मंडल ने 15 मई की बैठक में इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी कि राइट्स शेयर का यह निर्गम 20 मई, 2020 को खुलेगा और इसकी अंतिम तिथि 3 जून, 2020 होगी।राइट्स शेयर 1,257 रुपये के भाव पर दिया जाएगा। यह 30 अप्रैल को इस शेयर के बंद भाव से 14 प्रतिशत सस्ता है।इस निर्गम से कंपनी को अपना कर्ज भार कम करने में मदद मिलेगी।

