दिसंबर में खुदरा महंगाई दर घटकर 4.59 फीसदी पर पहुंच गई है. सरकार द्वारा मंगलवार को जारी डेटा के मुताबिक, ऐसा मुख्य तौर पर खाद्य कीमतों में गिरावट के कारण हुआ है. कंज्यूमर प्राइस इंडैक्स (CPI) पर आधारित खुदरा महंगाई दर नवंबर में 6.93 फीसदी पर थी. दिसंबर 2020 में खाद्य महंगाई गिरकर 3.41 फीसदी हो गई. इसके मुकाबले पिछले महीने यह 9.5 फीसदी थी.
दूसरी ओर, नवंबर महीने में औद्योगिक उत्पादन के मोर्चे पर झटका लगा है. मंगलवार को जारी आधिकारिक डेटा के मुताबिक, भारत का औद्योगिक उत्पादन नवंबर 2020 में 1.9 फीसदी गिरा है. औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (IIP) के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का उत्पादन नवंबर 2020 में 1.7 फीसदी घटा है. खनन का उत्पादन भी 7.3 फीसदी गिरा है. जबकि ऊर्जा का उत्पादन 3.5 फीसदी बढ़ा है.
नवंबर 2019 में आईआईपी में 2.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. औद्योगिक उत्पादन को पिछले साल मार्च से झटका लग रहा है जब महीने में आईआईपी में 18.7 फीसदी की गिरावट आई थी. अगस्त 2020 तक यह लगातार नकारात्मक दायरे में रहा. उसके बाद आर्थिक गतिविधिययां शुरू होने पर कारखाना उत्पादन में सितंबर महीने में 0.48 फीसदी की मामूली वृद्धि दर्ज की गई. उसके बाद अक्टूबर में इसमें 4.9 फीसदी की वृद्धि रही.

