रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वेनेजुएला पर व्हाइट हाउस के प्रतिबंधों के बावजूद वहां से तेल आयात फिर से शुरू करने के लिए अमेरिकी मंजूरी हासिल कर ली है। रिलायंस अब जल्द ही Venezuela से क्रूड आयल की खरीद शुरू करने की योजना बना रही है।
डेटा इंटेलिजेंस फर्म केप्लर के अनुसार, पिछले साल प्रतिबंध हटाए जाने के बाद से भारत के वेनेजुएला से कच्चे तेल के आयात में रिलायंस की हिस्सेदारी करीब 90% थी। हालाँकि इस खबर पर अमेरिकी ट्रेजरी ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, वहीँ RIL की तरफ से भी ख़ामोशी है. वाशिंगटन ने पिछले साल दक्षिण अमेरिकी राष्ट्र के सोने और तेल क्षेत्रों पर अस्थायी रूप से प्रतिबंध हटा दिए थे, जब राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और विपक्ष ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की गारंटी देने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। वेनेजुएला द्वारा समझौते का सम्मान करने में विफल रहने के बाद अप्रैल में प्रतिबंधों को फिर से लागू कर दिया गया था और तेल कंपनियां वहां व्यापार जारी रखने के लिए अमेरिकी ट्रेजरी विभाग से परमिट के लिए आवेदन कर रही हैं।
शिपिंग रिपोर्ट और केप्लर के आंकड़ों के अनुसार, जून में वेनेजुएला का कच्चा तेल निर्यात बढ़कर 654,000 बैरल प्रतिदिन हो गया, जो अप्रैल 2020 के बाद सबसे अधिक है। ऐसा अमेरिका द्वारा प्रतिबंधों के बावजूद देश में कंपनियों को ड्रिलिंग जारी रखने के लिए एक विशिष्ट लाइसेंस दिए जाने के बाद हुआ है। रिलायंस के अलावा, भारत की सरकारी स्वामित्व वाली तेल और प्राकृतिक गैस निगम की विदेशी निवेश शाखा ओएनजीसी विदेश लिमिटेड ने भी वेनेजुएला से कच्चे तेल के आयात के लिए छूट के लिए आवेदन किया है।

