रिलायंस ने टॉफ़ी पान पसंद और टूटी फ्रूटी जैसे लोकप्रिय ब्रांडों का अधिग्रहण किया है। रिलायंस कंज्यूमर ने इन कन्फेक्शनरी ब्रांड्स का अधिग्रहण 27 करोड़ रुपये में किया है। रावलगांव शुगर फार्म्स के पास मैंगो मूड, कॉफी ब्रेक, टूटी फ्रूटी, पान पसंद, चोको क्रीम और सुप्रीम जैसे ब्रांड हैं।
इस सौदे के तहत, रावलगांव शुगर फार्म्स ने इन उत्पादों के ट्रेडमार्क, उत्पादन रेसिपी और सभी बौद्धिक संपदा अधिकार रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (आरसीपीएल) को बेच दिए हैं। आरसीपीएल, रिलायंस समूह की खुदरा शाखा, रिलायंस रिटेल वेंचर्स लिमिटेड (आरआरवीएल) की सहायक कंपनी है। रावलगांव शुगर फार्म्स ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने 27 करोड़ रुपये के सौदे में आरसीपीएल को इन ब्रांडों के ट्रेडमार्क और बौद्धिक संपदा अधिकारों की बिक्री और हस्तांतरण को मंजूरी दे दी है।
रावलगांव शुगर ने कहा कि प्रस्तावित लेनदेन पूरा होने के बाद भी, संपत्ति, भूमि, संयंत्र, भवन, उपकरण, मशीनरी जैसी अन्य सभी संपत्तियां उसके पास बनी रहेंगी। कंपनी ने कहा कि हाल के वर्षों में उसे अपने कन्फेक्शनरी व्यवसाय को बनाए रखना मुश्किल हो गया है। वर्ष 1933 में वालचंद हीराचंद ने महाराष्ट्र के नासिक जिले के रावलगाँव गाँव में एक चीनी मिल की स्थापना की। साल 1942 में इस कंपनी ने रावलगांव ब्रांड के तहत टॉफ़ी बनाना शुरू किया.

