सरकार ने सोने पर ड्यूटी ड्रा बैक की दर घटा दी है। आयात शुल्क घटाने के करीब 1 महीने बाद यह फैसला लिया गया है। नई अधिसूचना के अनुसार सोने के आभूषणों पर ड्यूटी ड्रा बैक की दर शुद्ध सोने के 704.1 रुपये प्रति ग्राम से घटाकर 335.50 रुपये प्रति ग्राम कर दी गई है। चांदी और चांदी के आभूषणों पर भी ड्यूटी ड्रा बैक की दर घटाई गई है। चांदी के आभूषणों पर ड्यूटी ड्रा बैक की दर 8,949 रुपये प्रति किलोग्राम से घटाकर 4,468.10 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है।
इससे पहले बजट में सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क घटाया था। इसमें 9 फीसदी की कटौती की गई थी। सोने और चांदी पर आयात शुल्क 15 फीसदी से घटाकर 6 फीसदी कर दिया गया था। वहीं प्लेटिनम पर कुल आयात शुल्क 15.4 फीसदी से घटाकर 6.4 फीसदी कर दिया गया था। आयात शुल्क में कटौती के बाद सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। ड्यूटी ड्रा बैक दर का उद्देश्य निर्यातकों को आयातित इनपुट पर चुकाए गए सीमा शुल्क की प्रतिपूर्ति करना है। ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि निर्यात के लिए लक्षित वस्तुओं पर घरेलू करों का बोझ न पड़े। बजट में सोने और चांदी पर लागू आयात शुल्क में किए गए बदलावों के अनुरूप ड्यूटी ड्रा बैक दरों को समायोजित किया गया है।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को एमसीएक्स पर 4 अक्टूबर 2024 को डिलिवरी वाले सोने का वायदा भाव 7 रुपये की गिरावट के साथ 71,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। वहीं, 5 सितंबर 2024 को डिलिवरी वाली चांदी का भाव 36 रुपये की गिरावट के साथ 85,175 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ।

