भारत के रियल एस्टेट सेक्टर बूम पर है , 2024 की पहली छमाही में ही अबतक 1,045 एकड़ ज़मीन के 54 सौदे हुए हैं। YoY तुलना करें तो 2023 की पहली छमाही में 950 एकड़ के 46 लैंड डील हुए। एनारॉक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल-जून तिमाही में 325 एकड़ से ज्यादा के 25 लैंड डील पूरे हुए हैं। 2024 की दूसरी तिमाही में अकेले बेंगलुरु में 114 एकड़ के नौ नए लैंड डील हुए हैं। इसके बाद गुरुग्राम का नंबर है। जहां 77.5 एकड़ के सात लैंड डील पूरे हुए हैं।
एनारॉक ग्रुप के रीजनल डायरेक्टर और एडवाइजरी और रिसर्च हेड डॉ. प्रशांत ठाकुर ने कहा कि बेंगलुरु में हुए सभी डील रिहायशी प्रोजेक्ट विकसित करने के लिए हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि गुरुग्राम का नंबर इसके बाद आता है जहाँ 2024 की दूसरी तिमाही में 77.5 एकड़ के सात लैंड डील हुए हैं। ये डील रिहायशी प्रोजेक्ट और कृषि से जुड़े हैं। 2024 की दूसरी तिमाही में पूरे हुए कुल भूमि सौदों में से 17 एकड़ (163 एकड़) से अधिक पर आवासीय परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। कृषि, मिश्रित उपयोग, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स पार्क, औद्योगिक और खुदरा क्षेत्र के लिए एक-एक सौदा हुआ है।
पिछले कुछ वर्षों से भूमि की मांग लगातार बढ़ रही है। डेवलपर्स नई परियोजनाओं के लॉन्च होने के बाद आसानी से नई इकाइयां बेच पा रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई, जो पिछली कुछ तिमाहियों में भूमि सौदों में शीर्ष पर थी। 2024 की दूसरी तिमाही में केवल दो भूमि सौदे हुए हैं, एक औद्योगिक उद्देश्य के लिए और दूसरा खुदरा क्षेत्र विकसित करने के लिए। हालांकि, 2024 की पहली छमाही में मुंबई में 34 एकड़ के 5 भूमि सौदे हुए हैं। वहीं, हैदराबाद में 63.5 एकड़ के तीन और चेन्नई में 48 एकड़ के तीन भूमि सौदे हुए हैं। पुणे, अहमदाबाद, नोएडा और ठाणे में 103-103 एकड़ के दो भूमि सौदे हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि गाजियाबाद में 62.5 एकड़ का एक भूमि सौदा हुआ तथा दिल्ली में 5 एकड़ का एक भूमि सौदा हुआ।

