भारतीय रिजर्व बैंक ने एनबीएफसी को आयकर कानूनों के अनुरूप सोने के बदले ऋण देते समय 20,000 रुपये से अधिक नकद भुगतान नहीं करने को कहा है। इस सप्ताह की शुरुआत में सोने के बदले ऋण देने वाले फाइनेंसरों और माइक्रो फाइनेंस संस्थानों को जारी एक सलाह में, रिजर्व बैंक ने उनसे Income Tax Act 269एसएस का अनुपालन करने के लिए कहा है। Income Tax Act 269एसएस में प्रावधान है कि कोई व्यक्ति भुगतान के निर्दिष्ट तरीकों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति द्वारा की गई जमा या ऋण स्वीकार नहीं कर सकता है।
इस सेक्शन में नकदी की स्वीकृत सीमा 20,000 रुपये है। RBI द्वारा निरीक्षण के दौरान कुछ चिंताएं सामने आने के बाद रिज़र्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने IIFL Finance को गोल्ड लोन स्वीकृत करने या वितरित करने से रोक दिया था, जिसके कुछ हफ्ते बाद यह सलाह आई है। रिजर्व बैंक की इस सलाह पर टिप्पणी करते हुए मणप्पुरम फाइनेंस के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी वीपी नंदकुमार ने कहा कि इसमें नकद ऋण देने के लिए 20,000 रुपये की सीमा को दोहराया गया है.
उन्होंने कहा कि मणप्पुरम फाइनेंस के आधे ऋण ऑनलाइन मोड के माध्यम से वितरित किए जाते हैं और यहां तक कि शाखाओं से प्राप्त ऋण के लिए भी, अधिकांश ग्राहक सीधे हस्तांतरण को प्राथमिकता देते हैं। इंडेल मनी के सीईओ उमेश मोहनन ने कहा कि निर्देश पारदर्शिता लाने और बेहतर अनुपालन में मदद करेगा लेकिन इसका प्रभाव पड़ सकता है क्योंकि ग्रामीण क्षेत्रों में कई लोग औपचारिक बैंकिंग प्रणाली का हिस्सा नहीं हैं। मोहनन ने कहा कि यह निर्देश अनजाने में हाशिए पर रहने वाले वर्गों को आपात स्थिति में भी स्वर्ण ऋण तक पहुंचने से रोक सकता है, जिससे वित्तीय पहुंच सीमित हो सकती है।

