भारतीय रिजर्व बैंक ने बुधवार को एडलवाइस समूह की ऋण और परिसंपत्ति पुनर्निर्माण इकाइयों पर कारोबारी प्रतिबंध लगा दिए हैं। मौजूदा ऋणों के पुनर्भुगतान में चूक से बचने के लिए नए ऋण देने को लेकर चिंताओं के बीच यह कदम उठाया गया है। केंद्रीय बैंक ने ईसीएल फाइनेंस लिमिटेड (ईसीएल) को अपने थोक ऋणों के संबंध में संरचित लेनदेन से दूर रहने को कहा है। इसमें पुनर्भुगतान और/या खातों को बंद करने का कदम शामिल नहीं है। एडलवाइस एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (ईएआरसीएल) के मामले में आरबीआई ने इकाई को ‘सुरक्षा रसीदों’ सहित वित्तीय परिसंपत्तियों के अधिग्रहण से दूर रहने को कहा है।
आरबीआई के बयान में कहा गया है कि दोनों कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं। केंद्रीय बैंक ने कहा, “यह कार्रवाई निगरानी जांच के दौरान पाई गई चिंताओं पर आधारित है। यह चिंता ई.ए.आर.सी.एल. के प्लेटफॉर्म का उपयोग करके ई.सी.एल. के तनावग्रस्त ऋण को डिफॉल्ट होने से बचाने के लिए नए ऋण देने के लिए संरचित लेनदेन से संबंधित है। इसके लिए ई.ए.आर.सी.एल. और संबंधित ए.आई.एफ. (वैकल्पिक निवेश कोष) का उपयोग किया गया। इस प्रकार, मामले में नियमों की अनदेखी की गई। हाल के दिनों में, आर.बी.आई. ने पुराने ऋणों को डिफॉल्ट होने से बचाने के लिए नए ऋणों के लिए वैकल्पिक निवेश कोष (ए.आई.एफ.) के उपयोग पर चिंता व्यक्त की थी। और वित्त प्रदाताओं से ऐसे निवेश के लिए अधिक धनराशि अलग रखने को कहा था। केंद्रीय बैंक गलती करने वाली इकाइयों पर व्यावसायिक प्रतिबंध भी लगा रहा है।
एडलवाइस समूह की इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई पर RBI ने कहा कि ECL और EARCL दोनों में ‘सिक्योरिटी रसीदों’ का गलत मूल्यांकन भी देखा गया। RBI ने पाया कि ई.सी.एल. कई गलत गतिविधियों में शामिल है। इसमें ग्राहकों को दिए गए ऋण से निकाली गई राशि की गणना के लिए अपने ऋणदाताओं को पात्र ऋणों के बारे में गलत विवरण प्रस्तुत करना, शेयरों के बदले ऋण देने के लिए मूल्य मानदंडों का उल्लंघन शामिल है। इसने कहा कि सीआरआईएलसी (बड़े ऋणों पर सूचना का केंद्रीय भंडार) को गलत जानकारी प्रदान किए जाने और ईसीएल द्वारा अपने ग्राहक को जानें (केवाईसी) दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने के मामले भी थे। ईएआरसीएल के मामले में, उल्लंघनों में कंपनी के निदेशक मंडल के समक्ष 2021-22 के लिए अंतिम निरीक्षण के बाद जारी आरबीआई निगरानी पत्र को न रखना, ऋणों के निपटान से संबंधित नियमों का पालन न करना है।

