नई दिल्ली: नयी दिल्ली. शेयर बाजारों की दिशा इस सप्ताह सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों, ऋण भुगतान पर रोक से जुड़े घटनाक्रमों तथा वैश्विक रुख से तय होगी। विशेषज्ञों ने यह राय जताई। विशेषज्ञों ने कहा कि निवेशकों की निगाह कोरोना वायरस संक्रमण के आंकड़ों तथा अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव से जुड़े घटनाक्रमों पर रहेगी। अनलॉक 5.0 से संबंधित दिशानिर्देशों, सकारात्मक वृहद आर्थिक आंकड़ों तथा अमेरिका में प्रोत्साहन उपायों की उम्मीद के बीच बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,308.39 अंक या 3.49 प्रतिशत के लाभ में रहा।
शुक्रवार को गांधी जयंती पर बाजार बंद थे। रेलिगेयर ब्रोकिंग के उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘इस सप्ताह तिमाही नतीजों के सीजन की शुरुआत होगी। आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टीसीएस के तिमाही नतीजे सात अक्टूबर को आएंगे। इसके अलावा कोविड-19 से जुड़ी खबरों तथा अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव से संबंधित घटनाक्रमों से बाजार की दिशा तय होगी।” अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा था कि वह और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप कोरोना वायरस संक्रमित हैं।

