नयी दिल्ली: सार्वजनिक क्षेत्र का पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) चालू वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में पूंजी बाजार में उतरने की योजना बना रहा है। हाल में दो सरकारी बैंकों को अपने साथ मिलाने के बाद बैंक अपनी वृद्धि और नियामकीय जरूरतों के लिए पूंजी की जरूरत का अनुमान लगाने वाला है।
पीएनबी के प्रबंध निदेशक मल्लिार्जुन राव ने कहा, ‘‘अभी बैंक के पास पूंजी की स्थिति पर्याप्त है। मार्च, 2020 के अंत तक बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात 14.14 प्रतिशत था। ’’’उन्होंने कहा, ‘‘हम जुलाई में होने वाली निदेशक मंडल की बैठक में हमारे सथ विलय हुई इकाइयों के बही-खातों की सम्पत्ति और देनदारी का प्रारंभिक हिसाब-किताब बनाएंगे। संभवत: उस समय बैंक को पूंजी जरूरत का सही अनुमान लग सकेगा।’’ राव ने कहा कि हमारी योजना तीसरी तिमाही के अंत या चौथी तिमाही की शुरुआत में पूंजी जुटाने की है।

