पंजाब नेशनल बैंक (PNB) अपने ग्राहकों के लिए फेस्टिव बोनांजा ऑफर (Festival Bonanza Offer) लेकर आया है. ऑफर के जरिए बैंक का मकसद कोविड19 महामारी के चलते लोन की घटी मांग को दोबारा से बढ़ाना है. हाल के कुछ महीनों में ब्याज दरों में कमी के बावजूद बाजार में लोन की मांग कम बनी हुई है. इसे देखते हुए बैंक ने त्योहारी ऑफर पेश किया है, जिसके तहत ग्राहकों के लिए हाउसिंग लोन, कार लोन समेत अन्य दूसरे तरह के रिटेल लोन लेना सस्ता हो जाएगा.
PNB की ओर से जारी बयान के अनुसार, फेस्टिव बोनांजा ऑफर के तहत बैंक अपने कुछ बड़े रिटेल प्रोडक्ट जैसेकि होम लोन, कार लोन आदि पर सभी तरह के अपफ्रंट, प्रोसेसिंग चार्ज और डॉक्यूमेंट चार्ज को माफ करेगा. ग्राहक इस ऑफर का फायदा PNB के देशभर में 10,897 शाखाओं या डिजिटल चैनल के जरिए 31 दिसंबर 2020 तक ले सकते हैं.
ग्राहकों के लिए कर्ज को सस्ता और सुगम बनाने के लिए पीएनबी ने नए और टेकओवर लोन पर भी प्रोसेसिंग फीस घटा दिया है. बयान के अनुसार, होम लोन पर ग्राहकों को अब लोन की रकम का 0.35 फीसदी (अधिकतम 15,000 रुपये) और इसके अलावा डॉक्यूमेंट चार्ज से छूट मिलेगी. इसी तरह, कार लोन पर ग्राहकों को कुल लोन रकम की 0.25 फीसदी की बचत होगी. इसी तरह लोन अगेंस्ट प्रॉपर्टी के मामले पर ग्राहकों को 1 लाख रुपये तक की, लोन रकम के आधार पर, छूट मिलेगी.

