नई दिल्ली: एंप्लॉयी प्रविडेंट फंड ऑर्गनाइजेशन (EPFO) ने कहा कि वह वित्त वर्ष 2019-20 के लिए इंट्रेस्ट की पहली किस्त दिवाली से पहले पीएफ सब्सक्राइबर्स (PF Subscribers) के खाते में डाल देगा। EPFO की तरफ से सितंबर में कहा गया था 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष के लिए वह 8.5 फीसदी का इंट्रेस्ट रेट देगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, 8.5 फीसदी इंट्रेस्ट रेट को दो हिस्से में बांटा गया है। यह- 8.15 फीसदी और 0.35 फीसदी है। सरकार द्वारा मैनेज फंड के तहत 8.15 फीसदी इंट्रेस्ट दिवाली तक बांट दिया जाएगा। बाकी 0.35 फीसदी इंट्रेस्ट दिसंबर तक जारी किया जा सकता है।
कोरोना महामारी के कारण EPFO की कमाई पर काफी बुरा असर हुआ था। ऐसे में ईपीएफ ने वित्त वर्ष 2019-20 के लिए इंट्रेस्ट रेट 8.5 फीसदी पर बरकरार रखा। पिछले दिनों लेबर मिनिस्ट्री ने यह जानकारी दी थी।
आपके पीएफ फंड पर 8.5 फीसदी का इंट्रेस्ट दो हिस्सों में बंटता है। इसमें 8.15 फीसदी इंट्रेस्ट डेट फंड में निवेश से इनकम होता है। बाकी 0.35 फीसदी ईपीएफओ ETF (exchange traded funds) में निवेश करता है। ETF 31 दिसंबर को रिडीम होता है। इसलिए वह हिस्सा दिसंबर के महीने में या उसके बाद मिलेगा।
कोरोना संकट के समय में ईपीएफओ ने क्लेम सेटलमेंट की अवधि को काफी कम किया है। पहले अमूमन 20 दिनों में क्लेम सेटलमेंट होता है। अब यह काम तीन दिनों में पूरा हो रहा है। 25 मार्च से अब तक 44050 करोड़ के 38 लाख 71 हजार क्लेम सेटल किए गए हैं। सेंट्रल गवर्नमेंट ने एंप्लॉयी डिपॉजिट लिंक्ड इंश्योरेंस स्कीम के तहत सम एश्योर्ड को 6 लाख से बढ़ाकर 7 लाख कर दिया है।

