नई दिल्ली: बाबा रामदेव की अगुवाई वाली पतंजलि आयुर्वेद के 250 करोड़ रुपये के डिबेंचर को गुरुवार को बाजार में आने के मात्र तीन मिनट में पूर्ण अभिदान मिल गया। पतंजलि आयुर्वेद के प्रबंध निदेशक आचार्य बालकृष्ण ने कहा, ‘यह ऐतिहासिक है। कुल 250 करोड़ रुपये के एनसीडी (गैर परिवर्तनीय डिबेंचर) को खुलने के तीन मिनट के भीतर ही पूर्ण अभिदान मिल गया। यह निवेशकों के उत्साह और भरोसे को बताता है।’
हरिद्वार की कंपनी इस राशि का उपयोग कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने और आपूर्ति प्रणाली नेटवर्क मजबूत करने में करेगी। बालकृष्ण ने कहा, ‘यह लोगों के भरोसे को दर्शाता है। इसी भरोसे ने पतंजलि को देश का सबसे विश्वसनीय ब्रैंड बनाया है और स्वामी रामदेव की अगुवई में स्वदेशी आंदोलन को गति दी है जो मजबूत और आत्म-निर्भर भारत के लिए जरूरी है।’

