नई दिल्ली: दुनिया की बड़ी सॉफ्टवेयर कंपनियों में शामिल Oracle के भारत में हेड प्रदीप अग्रवाल और उनकी पत्नी मीनू अग्रवाल के खिलाफ कस्टमर्स के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि इन दोनों ने Oracle कंपनी की साख का इस्तेमाल कर प्रोजेक्ट्स के लिए कस्टमर्स से बड़ी राशि एडवांस के तौर पर ली थी।
इनके खिलाफ आईपीसी के सेक्शन 406, 420, 506 के तहत मामला दर्ज किा है और इन्हें गुरूग्राम में इनके आवास पर नोटिस दिए गए हैं।
मीनू अग्रवाल की इंटीरियर फर्म MADS Creation Pvt Ltd ने दिल्ली एनसीआर और इसके निकट अपने क्लाइंट्स से एडवांस में बड़ी राशि लेने के बाद खराब क्वालिटी का काम किया था और कुछ मामलों में तो फर्म ने काम को पूरा ही नहीं किया था।
पुलिस ने बताया कि MADS Creation की इस धोखाधड़ी के पीछे प्रदीप अग्रवाल का बड़ा हाथ है जो ओरेकल के कंट्री हेड और सीनियर डायरेक्टर हैं।
प्रदीप और उनकी पत्नी ओरेकल की साख का इस्तेमाल कस्टमर्स को फंसाने के लिए करते थे।
इस मामले के बारे में पुलिस ने कहा कि मीनू अग्रवाल कथित तौर पर क्लाइंट्स को यौन उत्पीड़न और हत्या करने की कोशिश के आरोपों में फंसाने की धमकी भी देती थी।

