नई दिल्ली: टेक कंपनी ओप्पो की पहली स्मार्टवॉच आखिरकार ऑफिशल हो गई है। Oppo Watch नाम से इस स्माटवॉच को टेक्नॉलजी ब्रैंड ने अपने होम मार्केट चीन में लॉन्च किया है। इस वॉच को कंपनी ने चीन में अपनी फ्लैगशिप Oppo Find X2 सीरीज के ऑनलाइन-ओनली लॉन्च के दौरान पेश किया है। यह स्मार्टवॉच Apple Watch को सीधी टक्कर दे सकती है। ओप्पो का कहना है कि इस स्मार्टवॉच को अलग-अलग वर्जन में ग्लोबल मार्केट्स में भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
Oppo Watch की सेल चीन में 24 मार्च से शुरू होगी, जहां इसकी कीमत 1,499 युआन (करीब 15,900 रुपये) रखी गई है। ओप्पो स्मार्टफोन यूजर्स आसानी से अपने फोन के हेल्थ ऐप से इसे कनेक्ट कर सकेंगे और अपनी ऐक्टिविटी और हेल्थ को ट्रैक कर सकेंगे। बाकी ऐंड्रॉयड डिवाइस यूज करने वालों को अपने फोन में HayTap Health App इंस्टॉल करना होगा, जो इस वॉच को कनेक्ट कर देगा। कंपनी की मानें तो वॉच से सिंगल चार्ज पर 21 दिन तक का बैकअप मिल सकता है।

