नई दिल्ली: देश में इंश्योरेंस कवरेज की क्या स्थिति है, इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि कोरोना के चलते हुई मौतों में 15 फीसदी से कम मामलों में क्लेम का दावा किया गया. कोरोना महामारी के चलते देश भर में 3.91 लाख लोगों को मौत हो चुकी है. हालांकि अब तक इसमें से महज 14 फीसदी यानी कि 55,276 मौतों पर इंश्योरेंस क्लेम मिला है. इससे देश में लाईफ इंश्योरेंस कवरेज की बुरी स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.
इंश्योरेंस रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (IRDAI) के सदस्य (गैर-बीमा) एल अलामेलू के मुताबिक इन 55,276 क्लेम्स में करीब 88 फीसदी यानी 3593 करोड़ रुपये के 44,484 क्लेम सेटल किए जा चुके हैं. वहीं दूसरी तरफ बीमा कंपनियों ने 22 जून तक करीब 80 फीसदी यानी 15.39 लाख से अधिक हेल्थ क्लेम का निपटारा किया जो 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक के दावे रहे. अलामेलू के मुताबिक मेडिकल इंश्योरेंस या हॉस्पिटलाइजेशन की बात करें तो 22 जून तक 19.11 लाख से अधिक के कोविड हेल्थ क्लेम किए गए.

