नई दिल्ली: देश में दूसरे सबसे तेल निर्यातक ऑयल इंडिया लिमिटेड ने सोमवार को बताया कि मार्च तिमाही में नेट प्रॉफिट में 8 फीसदी की गिरावट आई है. इसकी वजह उसने कच्चे तेल के कम उत्पादन को बताया है. कंपनी ने बयान में बताया कि जनवरी-मार्च 2021 में उसका नेट प्रॉफिट 847.56 करोड़ रुपये या 7.82 रुपये प्रति शेयर रहा, जो पिछले साल की समान अवधि में 925.65 करोड़ रुपये या 8.54 रुपये प्रति शेयर का था.
कंपनी को तिमाही में कच्चे तेल के हर बैरल के लिए 59.80 अमेरिकी डॉलर मिले. एक साल पहले के 5.18 अमेरिकी डॉलर के मुकाबले इसमें बढ़ोतरी है. लेकिन तेल का उत्पादन जनवरी-मार्च 2021 में 5.28 फीसदी गिरकर 0.72 मिलियन टन पर पहुंच गया.
गैस आउटपुट 0.649 बिलियन क्यूबिक मीटर पर लगभग फ्लैट रहा. वित्त वर्ष 2020-21 की चौथी तिमाही में टर्नओवर बढ़कर 3,909.61 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 3,583.72 रुपये पर था. तेल की कम कीमतों के कारण 2020-21 में नेट प्रॉफिट गिरकर 1,741.59 करोड़ रुपये पर आ गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 2,584.06 करोड़ रुपये था.
2020-21 में कच्चे तेल का उत्पादन 2.964 मिलियन टन रहा. यह 2019-20 के दौरान हुए 3.134 मिलियन टन उत्पादन के मुकाबले 5.42 फीसदी कम था. प्राकृतिक गैस का भी उत्पादन 2020-21 में 5.68 फीसदी घटकर 2642 मिलियन स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर्स पर रहा.

