चेक क्लियरेंस के लिए अब आपको लम्बा इंतजार नहीं करना होगा क्योंकि भारतीय रिजर्व बैंक ने चेक क्लियरिंग में लगने वाले समय को कुछ घंटों तक सीमित करने का फैसला किया है। अब आपका चेक कुछ ही घंटों में क्लियर हो जाएगा और पैसे अकाउंट में ट्रांसफर हो जायेंगे। अभी चेक जमा करने से लेकर पैसे क्लियर होने में कम से कम दो दिन का समय लगता है। लेकिन नई व्यवस्था में चेक जमा होने के कुछ ही घंटों में यह क्लियर हो जाएगा।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा, “चेक क्लियरिंग में सुधार, निपटान जोखिम को कम करने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के उद्देश्य से चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) की मौजूदा व्यवस्था में बदलाव का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में मौजूदा CTS सिस्टम के तहत ‘बैच’ में प्रोसेसिंग के बजाय कारोबारी घंटों (वर्किंग ऑवर्स) के दौरान निरंतर आधार पर क्लियरेंस की व्यवस्था की जाएगी।
RBI के मुताबिक, “नई व्यवस्था में चेक को स्कैन करके कुछ ही घंटों में पेश किया जाएगा और क्लियर किया जाएगा। अभी इसमें दो दिन (T+1) तक का समय लगता है। शक्तिकांत दास ने कहा कि इस मामले में जल्द ही विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इसके अलावा RBI गवर्नर शक्तिकांत दास ने आज UPI के जरिए टैक्स भुगतान की सीमा 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये किये जाने का एलान किया।

