भारतीय शेयर बाजार में अपनी रिपोर्ट से तहलका मचाने वाली अमेरिकी शॉर्ट सेलर फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने एक और घोषणा कर सबको चौंका दिया है। शनिवार सुबह एक्स पर पोस्ट करते हुए अमेरिकी कंपनी ने भारतीय कंपनी से जुड़े एक और बड़े खुलासे का संकेत दिया है। अपनी पोस्ट में हिंडनबर्ग रिसर्च ने लिखा है कि “भारत में जल्द ही कुछ बड़ा होने वाला है”।
हालांकि, हिंडनबर्ग ने इस बारे में कुछ नहीं बताया है कि क्या और कौन सी बड़ी बात होने वाली है। कंपनी की इस पोस्ट को लेकर माना जा रहा है कि हिंडनबर्ग रिसर्च एक बार फिर किसी भारतीय कंपनी को लेकर बड़ा खुलासा करने जा रही है।
जनवरी 2023 में हिंडनबर्ग रिसर्च ने गौतम अडानी के अडानी ग्रुप पर निशाना साधते हुए एक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट ने तहलका मचा दिया था, क्योंकि हिंडनबर्ग ने अडानी ग्रुप पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट सामने आते ही अडानी ग्रुप के सभी शेयरों में भारी गिरावट आई और गौतम अडानी दुनिया के नंबर 2 अरबपति बनने के बाद 36वें नंबर पर खिसक गए, क्योंकि उनकी संपत्ति में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई।
24 जनवरी 2023 को अडानी ग्रुप पर रिपोर्ट आने के बाद सभी शेयरों में भारी गिरावट आई, जिसके बाद कंपनी का वैल्यूएशन भी तेजी से गिरा। हालात ये थे कि कुछ ही दिनों में अडानी ग्रुप का वैल्यूएशन 86 अरब डॉलर पर आ गया था। शेयर की कीमत में इस भारी गिरावट के कारण बाद में ग्रुप के विदेशी लिस्टेड बॉन्ड की भारी बिक्री हुई।

