नयी दिल्ली: कोल इंडिया के चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वाणिज्यिक खनन के लिए उसके किसी भी कोयला ब्लॉक को देने का कोई प्रस्ताव नहीं है। इसलिए कंपनी ‘पूरी तरह मजबूत और सुरक्षित’ है।
उनका यह बयान कोयला खनन को निजी क्षेत्र के लिए खोलने के संदर्भ में आया है। महारात्न कंपनी कोल इंडिया के चेयरमैन अग्रवाल ने कहा कि कोल इंडिया के भविष्य को लेकर ‘बेवजह की चिंता’ की जा रही है। कंपनी ‘मजबूत और पूरी तरह सुरक्षित’ है। कंपनी के किसी भी कोयला ब्लॉक को वाणिज्यिक खनन के लिए देने का प्रस्ताव नहीं है।कोल इंडिया ने एक बयान में कहा कि प्रतिस्पर्धा के माहौल में वाणिज्यिक रूप से कंपनी को परिचालन में बनाए रखने के लिए उसके पास पर्याप्त मात्रा में कोयला ब्लॉक हैं।कोल इंडिया के अधिकार क्षेत्र में 447 कोयला ब्लॉक हैं। इनमें से अधिकांश की जांच- परख कर ली गई है।

